पटमदा-बोड़ाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करम पर्व
आगुईडांगरा
बारियादा
Patamda : प्रकृति एवं संस्कृति का महापर्व करमा मंगलवार को पटमदा और बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न गांवों में करमा पर्व की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। पटमदा के जोड़सा, बांसगढ़, लच्छीपुर, चौरा, बस्ती पटमदा, लोवाडीह, जाल्ला, आगुईडांगरा, लावा, बनकुंचिया, कुमीर, बांगुड़दा समेत बोड़ाम के कुईयानी, खोखरो, बड़ासुसनी, पहाड़पुर, लावजोड़ा, बारियादा सहित कई गांवों में देर रात तक करमा गीत और नृत्य का दौर चलता रहा।
पहाड़पुर
इसी क्रम में पटमदा के बिड़रा गांव में जेएलकेएम के केंद्रीय महासचिव चंदन महतो के आयोजन में करम पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में जेएलकेएम के मानगो नगर अध्यक्ष भक्त रंजन महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने करम गोसाईं की पूजा-अर्चना कर परिवार, गांव और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भक्त रंजन महतो ने कहा कि करम पर्व झारखंड की संस्कृति, प्रकृति प्रेम, भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बिड़रा
कुमीर
कार्यक्रम में पटमदा जिला परिषद सदस्य खगेन महतो, उपमुखिया गोपाल गोराई, बिरेन महतो, फूलचांद मुर्मू, हेमंत प्रधान, रुद्र प्रताप महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।




