भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 26 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम के सभी स्कूल बंद
Jamshedpur: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में 26 सितंबर (शनिवार) को भीषण एवं लगातार भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिले के कक्षा 12 तक संचालित सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारी बारिश से जनजीवन और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय एहतियाती और जनहित में लिया गया है। आदेश के तहत सभी विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएं। जिला प्रशासन द्वारा मौसम एवं परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों तथा सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों के प्रबंधन व प्राचार्यों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित विद्यालय या संस्थान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। यह आदेश शुक्रवार को जारी किया गया है तथा इस पर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम का अनुमोदन प्राप्त है।




