सोनारी में ब्रेकडाउन ट्रेलर में घुसी कार, मंत्री दीपिका पांडे की बेटी समेत चार की मौत

टक्कर इतनी भीषण कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

Jamshedpur : सोनारी थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव पर बुध-गुरुवार को रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे ब्रेकडाउन खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रेलर के पिछले हिस्से में समा गया। हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे शवों को गैस कटर की मदद से काटकर बाहर निकाला गया। हादसे में मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।
मृतकों की पहचान राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और एक अन्य के रूप में हुई है। डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही मरीन ड्राइव पर ब्रेकडाउन होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान देर रात तेज रफ्तार कार ट्रेलर के पीछे जा घुसी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।




