सातनाला रोड से दूरी घटी, बोड़ाम में बढ़ी चोरी की वारदातें, थाना से आधा किमी दूर शराब दुकान का ताला टूटा, नकदी व लाखों की शराब गायब

Patamda: बोड़ाम थाना से महज आधा किलोमीटर दूर बाजार स्थित एक विदेशी शराब दुकान में रविवार देर रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर करीब 40 पेटी विदेशी शराब और काउंटर में रखे 1 लाख 80 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई, जब पगदा निवासी सेल्समैन नेपाल महतो दुकान खोलने पहुंचे। शटर टूटा देख उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नेपाल महतो के लिखित आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। नेपाल महतो के अनुसार, वे रविवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात बिजली गुल रहने और दुकान का इनवर्टर खराब होने के कारण सीसीटीवी कैमरों में कोई फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सका। पुलिस बाजार क्षेत्र के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक संदिग्ध चार पहिया वाहन की भी जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
नक्सल प्रभाव के दौर में सुरक्षित था इलाका, अब बढ़ी असुरक्षा की भावना
कभी नक्सलियों का गढ़ माने जाने वाले बोड़ाम क्षेत्र में एक दशक पहले तक बाहरी लोग शाम ढलते ही लौट जाते थे। बावजूद इसके, स्थानीय लोगों के लिए माहौल अपेक्षाकृत सुरक्षित था और चोरी की घटनाएं नगण्य थीं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हालात बदले हैं। शहरी क्षेत्रों के असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ने से गांवों में चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। कभी बकरी तो कभी गाय की चोरी, तो कभी दुकानों का ताला तोड़कर सामान ले जाने की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। इससे पशुपालकों, दुकानदारों और आम ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जुलाई 2025 में बोड़ाम थाना से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित एक स्पोर्ट्स दुकान और अगस्त में बंगोई में टाटा स्टील फाउंडेशन के कार्यालय में चोरी हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सभी आरोपी जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए थे और दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था। जनवरी 2026 में बोड़ाम बाजार और मिर्जाडीह क्षेत्र से मवेशियों की चोरी की घटनाएं भी सामने आई थीं। पुलिस ने छापेमारी कर एक गाय बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चार पहिया वाहनों से आकर मवेशियों की चोरी की जाती है। हालांकि अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। बीते 17 फरवरी की रात भी बोड़ाम बाजार के एक घर से दो बकरियों की चोरी की गई, लेकिन इस मामले में अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है।
सातनाला रोड बनी सुविधा भी, चुनौती भी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमशेदपुर के डिमना और पारडीह कालिमंदिर से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क के किनारे बोंटा से सातनाला रोड होते हुए बोड़ाम की दूरी काफी कम हो गई है। अब आधे घंटे में लोग बोड़ाम बाजार पहुंच जाते हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व बोंटा से सातनाला रोड होते हुए बोड़ाम और आगे माधवपुर (पश्चिम बंगाल सीमा) तक पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क का निर्माण कराया गया था। इससे स्थानीय लोगों और पश्चिम बंगाल के निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिली। हालांकि, बेहतर सड़क संपर्क के साथ बाहरी तत्वों की आवाजाही भी बढ़ी है, जिससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। ग्रामीण अब पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि बोड़ाम में फिर से सुरक्षित माहौल कायम हो सके।






























