कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1000 रुपये तक महंगा, 3000 के पार पहुंची कीमतें
New Delhi: देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। पश्चिम बंगाल, असम समेत पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर के दाम में भी 261 रुपये का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली, मुंबई सहित कई शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 3000 रुपये के पार पहुंच गई हैं।
दिल्ली में नया रेट:
अब दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3071.50 रुपये का हो गया है, जो 1 अप्रैल को 2078.50 रुपये था। यानी एक ही महीने में लगभग 1000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
5 किलो सिलेंडर भी महंगा:
छोटे कारोबारियों और कामगारों के लिए उपयोगी 5 किलो सिलेंडर की कीमत 549 रुपये से बढ़कर 810 रुपये हो गई है।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत:
इस बार 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
* दिल्ली: 913 रुपये
* मुंबई: 912.50 रुपये
* चेन्नई: 928.50 रुपये
* कोलकाता: 939 रुपये
घरेलू गैस के दाम में आखिरी बढ़ोतरी 7 मार्च 2026 को हुई थी।
महंगाई का असर तय:
कमर्शियल गैस महंगी होने से होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड पर असर पड़ना तय है। आने वाले दिनों में चाय, समोसा समेत रोजमर्रा के खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं।




