जनगणना व एसआईआर को लेकर झामुमो के जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को किया जागरूक
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के कुईयानी पंचायत मंडप में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रखंड कमेटी की ओर से जनगणना एवं एसआईआर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन उपस्थित थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति एवं संगठन सचिव चन्द्रशेखर टुडू शामिल हुए।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आगामी जनगणना प्रक्रिया तथा एसआईआर के महत्व की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और जनभागीदारी से जुड़ा विषय बताया। नेताओं ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और सामाजिक भागीदारी का आधार है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें ताकि कोई भी परिवार जनगणना एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने एवं त्रुटियों को दूर करने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संगठन स्तर पर अभियान चलाएगी।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। मौके पर मुख्य रूप से छुटुलाल हांसदा, विनय मंडल, काजल सिंह व शंभू सिंह आदि मौजूद थे।




