पटमदा में पेट्रोल संकट गहराया, कई पंपों पर ‘नो स्टॉक’, लावा पंप में लगी लंबी कतारें
Patamda: पटमदा, कमलपुर एवं बोड़ाम थाना क्षेत्र के विभिन्न कंपनियों के एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों में मंगलवार को पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति ऐसी रही कि लोग दिनभर पेट्रोल के लिए एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए। सुबह से दोपहर 12 बजे तक अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया गया। कई जगहों पर बाइक चालकों को मात्र 100 रुपये और कार चालकों को 500 रुपये तक का ही पेट्रोल उपलब्ध कराया गया। दोपहर बाद अधिकांश पंपों में पूरी तरह ‘नो स्टॉक’ की स्थिति बन गई।
हालांकि पटमदा के लावा स्थित एक पेट्रोल पंप में देर शाम तक पेट्रोल उपलब्ध रहा, लेकिन वहां भी वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों को घंटों इंतजार के बाद पेट्रोल मिल सका। बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन दिनों से क्षेत्र में सीमित मात्रा में ही पेट्रोल की आपूर्ति हो रही है। इससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कई जागरूक लोग अब अनावश्यक बाइक उपयोग से बचने की बात कह रहे हैं, लेकिन शादी-विवाह के मौसम के कारण अगले कुछ दिनों तक ईंधन की खपत कम होने की संभावना कम दिख रही है।




