अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवक घायल, चालक वाहन लेकर फरार
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बोराहभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद दोनों करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे, लेकिन तत्काल मदद नहीं मिल सकी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो एवं समाजसेवी विश्वनाथ महतो की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की बात कही है। घायलों की पहचान कमलपुर थाना क्षेत्र के माहलीपाड़ा गांव निवासी विकास रजवाड़ (34) एवं वरुण रजवाड़ (25) के रूप में हुई है। वरुण मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बोरो थाना क्षेत्र का निवासी है जो माहलीपाड़ा में रहता है। दोनों युवक कुमीर से अपने घर लौट रहे थे। घायलों ने बताया कि तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में दोनों युवकों के पैरों की हड्डियां टूट गई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




