पुलिस कैंप से फोर्स हटाने का ग्रामीणों ने किया विरोध, एसपी के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के डांगरडीह गांव में वर्ष 2010 से संचालित पुलिस कैंप से गृह विभाग के आदेश पर तैनात 50 सैफ जवानों का स्थानांतरण किए जाने का ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध किया। दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के अध्यक्ष असित सिंह पातर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कैंप के बाहर प्रदर्शन करते हुए आशंका जताई कि फोर्स हटने से क्षेत्र में फिर नक्सली गतिविधियां बढ़ सकती हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित होगी।
सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की ग्रामीण एसपी से बातचीत कराई। ग्रामीण एसपी ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों के भीतर 30 जवान कैंप में तैनात किए जाएंगे। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र को देखते हुए वर्ष 2010 में डांगरडीह में पुलिस कैंप स्थापित किया गया था। लगातार सुरक्षा बलों की गश्ती के कारण बोड़ाम क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं। प्रदर्शन में फटिक मंडल, नेपाल सिंह, हंसराज सिंह, कांचन सिंह, नरेश सिंह, दुलाल चंद्र महतो, प्रकाश कुम्भकार, शंकर कुम्भकार, हलधर कुम्भकार, अनाथ कुम्भकार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।



