नाबालिगों को नशीले पदार्थों की बिक्री करने पर होगी कार्रवाई, थाना प्रभारी ने पटमदा में जब्त किए गुटखा
Patamda: 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में पटमदा क्षेत्र में पहल तेज हो गई है। एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश के आलोक में पटमदा थाना प्रभारी को पत्र भेजकर इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि थाना क्षेत्र के सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को गुटखा, तंबाकू, सिगरेट अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री न करें। साथ ही नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निगरानी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा है कि स्कूली बच्चों को नशे की लत से बचाने के लिए प्रशासन, पुलिस, अभिभावकों और दुकानदारों की समान रूप से जिम्मेदारी है। समय रहते प्रभावी कदम उठाकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है। इस पत्र की प्रतिलिपि प्रखंड विकास पदाधिकारी (पटमदा), जिला शिक्षा पदाधिकारी (पूर्वी सिंहभूम) तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (पटमदा) को भी भेजी गई है, ताकि सभी संबंधित विभाग समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें। इधर, देर शाम पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता के नेतृत्व में बेलटांड़ बाजार की कई दुकानों में छापेमारी की गई। इस दौरान गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए। पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में नाबालिगों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया।



