डिमना लेक में दर्दनाक हादसा: एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टर डूबे, तलाश जारी
Patamda: जमशेदपुर शहर से सटे डिमना लेक के रेडियल गेट के नीचे बने गहरे तालाबनुमा गड्ढे में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज से आए 3 में से 2 जूनियर डॉक्टर सक्षम और समीर पानी में डूब गए, जबकि उनके साथ मौजूद तीसरे साथी यश ने घटना की सूचना कॉलेज प्रबंधन एवं बोड़ाम पुलिस को सूचित किया। लापता दोनों डॉक्टरों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों जूनियर डॉक्टर देर रात करीब तीन बजे कार से डिमना लेक घूमने पहुंचे थे। वे तालाब के किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल फोन पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में एक डॉक्टर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा डॉक्टर भी पानी में उतर गया और दोनों गहरे पानी में डूब गए। वहीं, तीसरा साथी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों डॉक्टरों की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेडिकल कॉलेज से जुड़े लोग मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि रेडियल गेट के नीचे बना यह तालाबनुमा गड्ढा काफी गहरा है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी कठिनाई आ रही है।


