चक्रवाती तूफान ‘अर्नव’ को लेकर स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की मांग
आजसू जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने मुख्यमंत्री और उपायुक्त से किया आग्रह
Jamshedpur : चक्रवाती तूफान ‘अर्नव’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने राज्य के मुख्यमंत्री और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में छुट्टी घोषित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया मंच एक्स (ट्विटर) के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। अप्पू तिवारी ने कहा कि मौसम विभाग की ओर से चक्रवात को लेकर येलो और रेड अलर्ट जारी किए जाने की सूचना के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो सकती है। साथ ही तेज हवा और बारिश के चलते किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रह सकती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मौसम की स्थिति और संभावित खतरे का आकलन कर समय रहते विद्यालयों में छुट्टी घोषित करने का निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अनावश्यक जोखिम का सामना न करना पड़े। अप्पू तिवारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। संभावित खतरे से बचाव के लिए प्रशासन को एहतियाती कदम उठाते हुए आवश्यक निर्णय लेना चाहिए।












