टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर झाड़ियों से दुर्घटना की आशंका, विश्वनाथ महतो ने की सफाई की मांग
Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे जगह-जगह उगी घनी झाड़ियां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। डिमना लेक रोड से लेकर मिर्जाडीह, हलुदबनी, बोंटा, पगदा, भुईयांसिनान, खेजुरडीह, धूसरा, ठनठनी, बामनी और लावा तक कई स्थानों पर सड़क किनारे झाड़ियों का फैलाव हो गया है। इससे न केवल सड़क किनारे का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं देता, बल्कि कई जगहों पर सुरक्षा संबंधी चेतावनी संकेत बोर्ड भी झाड़ियों से ढक गए हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
इस समस्या को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पथ निर्माण विभाग के संबंधित पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर स्थिति से अवगत कराया और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की अविलंब कटाई एवं साफ-सफाई कराने का अनुरोध किया। विश्वनाथ महतो ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से झाड़ियों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है, ताकि वाहन चालकों को आगे की सड़क, मोड़ और सुरक्षा संबंधी संकेत स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें। विभागीय पदाधिकारी ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए जल्द ही सफाई कराने का आश्वासन दिया।












