चक्रवात ‘अर्णब’ का असर: पूर्वी सिंहभूम में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूल बंद
कक्षा 1 से 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित, शिक्षकों को विद्यालय आकर गैर शैक्षणिक कार्य करने का निर्देश
Jamshedpur : चक्रवात ‘अर्णब’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को कक्षा एक से 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज जोन में रखा गया है। जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों में विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। वहीं, सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति भी दर्ज करनी होगी। हालांकि, निजी विद्यालयों में यदि पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो उनके आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर से निर्णय ले सकेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत उपायुक्त की स्वीकृति के बाद जारी किया है।












