बारियादा में पारंपरिक बांदना पर्व की धूम, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे ग्रामीण
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के बारियादा गांव में मंगलवार को पारंपरिक बांदना पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बरदखूंटा की परंपरा निभाई गई। ढोल, धमसा, मांदर और नगाड़े की थाप पर ग्रामीण पारंपरिक अहिरा गीतों के साथ झूमते नजर आए। बांदना पर्व झारखंड की कृषि और पशुपालन संस्कृति से गहराई से जुड़ा है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गाय, बैल, भैंस समेत अन्य पशुओं की पूजा-अर्चना कर अच्छी फसल और पशुधन की समृद्धि की कामना की। पशुओं को पारंपरिक तरीके से सजाया गया और उनके प्रति आभार प्रकट किया गया।
पर्व के दौरान महिलाओं ने चावल के आटे से घरों और गोहाल तक आकर्षक चौक (अल्पना) बनाई। वहीं, गाय-बैलों के माथे पर तेल और सिंदूर लगाया गया तथा पारंपरिक रस्में निभाई गईं। बरदखूंटा की रस्म के तहत पशुओं को खूंटे में बांधकर आत्मरक्षा का प्रतीकात्मक अभ्यास कराया गया। मान्यता है कि इससे पशुओं को जंगल में हिंसक जानवरों से अपनी रक्षा करने का अभ्यास मिलता है। ग्रामीणों ने पारंपरिक सोहराय गीतों के साथ नृत्य-संगीत का आनंद लिया। पूरे गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन में खोगेन महतो, गोपेन, नीलकमल, हरि, सुमित, तारापद, राकेश, दीपक, देवेन, सोमेन, अजय, विजय, मनसा राम, तपन और जगबंधु समेत अन्य ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों ने कहा कि बांदना पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि किसानों, पशुपालकों और प्रकृति के बीच के गहरे रिश्ते को भी दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।












