बूढ़ी बांदना पर कुमीर में बरद खूंटा पर्व की धूम, मांदर की थाप और अहिरा गीतों के बीच मनी परंपरा
Patamda : बूढ़ी बांदना के शुभ अवसर पर पटमदा प्रखंड के कुमीर गांव में मंगलवार को पारंपरिक बरद खूंटा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक करम नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। मांदर की थाप और लोकगीतों पर ग्रामीण देर शाम तक झूमते रहे। परंपरा के अनुसार, अमावस्या और गोरोया पूजा के बाद बूढ़ी बांदना के अवसर पर महिलाएं गायों का चुमावन करती हैं। इसके बाद बैलों को रंग-बिरंगे तरीके से सजाकर बरद खूंटा की पारंपरिक रस्म निभाई जाती है। ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार, बरद खूंटा की परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। पुराने समय में मवेशियों को जंगलों में चरने के दौरान जंगली जानवरों से खतरा रहता था।
मान्यता है कि इस परंपरा के जरिए बैलों को अपनी रक्षा करने का अभ्यास कराया जाता था। कालांतर में यह परंपरा ग्रामीण संस्कृति, आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई। कुमीर करम अखाड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस पर्व को सफल बनाने में पूरे गांव के लोगों ने सहयोग किया। मांदर बजाने में जोबारानी महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।












