कमलपुर में खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल
Patamda : कमलपुर थाना क्षेत्र के हुरुम्बिल गांव के मोड़ पर मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान हुरुम्बिल गांव निवासी देवशरण महतो (22) और सूरज महतो (18) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से पीछे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। सूचना मिलने पर भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया। घायलों में देवशरण महतो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और घायलों के परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












