एसआईआर की समीक्षा रिपोर्ट झामुमो केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के मिले निर्देश
Jamshedpur: झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी है। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद पाण्डेय को लिखित रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में जिले की छह विधानसभा सीटों बहरागोड़ा, पोटका, घाटशिला, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी के सभी मतदान केंद्रों से संबंधित आंकड़े शामिल हैं। इसमें पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या, हटाए गए नाम, नए नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रपत्र-6, दावा-आपत्ति से जुड़े प्रपत्र-7 और स्थानांतरण के लिए प्रपत्र-8 सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं।
जिला समिति के अनुसार, एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लगभग सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की नियुक्ति की गई थी। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित छठी एवं अंतिम चुनावी पाठशाला के बाद सभी अद्यतन आंकड़े और रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपे गए।
रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद केंद्रीय महासचिव बिनोद पाण्डेय ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी दिनों में पार्टी की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर जिला अध्यक्ष और उनकी टीम को कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति भी उपस्थित थे।











