झारखंड की संस्कृति और गौरवशाली परंपरा से रूबरू हुए विद्यार्थी, क्विज में मुकेश महतो अव्वल
Patamda: झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में विद्यार्थियों के बीच विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य के गौरवशाली इतिहास, महान विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानियों, आंदोलनकारियों, लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के तहत झारखंड के प्रसिद्ध लोकनृत्यों पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई। वहीं, राज्य के इतिहास, संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें मुकेश महतो ने प्रथम, गिरिराज ने द्वितीय और आदित्य महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सुबोध प्रसाद सिंह ने विद्यार्थियों को झारखंड की समृद्ध विरासत की जानकारी दी। गतिविधियों का नेतृत्व सुश्री अनिता मुर्मू, शिक्षक राशीद नेसार एवं अभिजीत पाल ने किया। शिक्षिका तानिया सिंह के मार्गदर्शन में भी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता, ऐतिहासिक चेतना और मातृभूमि के प्रति गौरव की भावना विकसित होती है। उन्होंने सफल प्रतिभागियों सहित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











