राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में पटमदा की मेघा महतो ने मारी बाजी, क्षेत्र का बढ़ाया मान
Patamda : एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा की छात्रा एवं लावा गांव निवासी मेघा महतो ने राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के ब्यूटी एंड वेलनेस वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। 12वीं वाणिज्य की छात्रा मेघा महतो, बासुदेव महतो की पुत्री हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेघा को राज्य परियोजना निदेशक ने सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप ऐसी शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने मेघा के साथ उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका रिंकी कुमारी को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











