पटमदा में प्रखंड स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी 25 को, उत्कृष्ट फसलों का होगा प्रदर्शन
Patamda : किसानों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को पटमदा प्रखंड परिसर में प्रखंड स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। आत्मा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार ने दी।
पटमदा के बीटीएम सालगे सोरेन एवं एटीएम जितेंद्र नाथ रूहिदास ने क्षेत्र के किसानों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले पटमदा के किसान अपने खेतों में उत्पादित उत्कृष्ट फसलों, सब्जियों एवं फूलों को प्रदर्शनी में लेकर आएं।
मेले में किसान टमाटर, फूलगोभी, पत्तागोभी, बैंगन, ओल, मशरूम, कद्दू (कोहड़ा), गेंदा और गुलाब सहित विभिन्न कृषि उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को बेहतर एवं उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके उत्पादों को उचित पहचान और मंच उपलब्ध कराना है।











