पवनपुर फुटबॉल टूर्नामेंट में मामा भागना की टीम बनी चैंपियन
Patamda: पटमदा प्रखंड की दिघी पंचायत अंतर्गत पवनपुर गांव के पटास बागान फुटबॉल मैदान में कुनामी सोहराय (रास पूर्णिमा) के अवसर पर मंगलवार को एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। पंडित रघुनाथ मुर्मू मेमोरियल गांवता, पवनपुर की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला मामा भागना और बेसरा बायार की टीमों के बीच खेला गया।
इसमें मामा भागना की टीम ने एक गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये, उपविजेता को 15 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही एनएचएस और चौथे स्थान पर रही पीपीएल डब्ल्यूबी की टीम को 10-10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू तथा विशिष्ट अतिथि जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया प्रतिनिधि दीपक मुर्मू, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, प्रखंड 20 सूत्री सदस्य समीर महतो, जितुलाल मुर्मू एवं सिजेन हेंब्रम उपस्थित थे।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में ग्राम प्रधान टीकाराम मुर्मू, गुलाम बेसरा, दिवाकर हांसदा, अमर शंकर बेसरा, बिहारी हेंब्रम, इंद्र नारायण मुर्मू और जयंत कुमार मुर्मू समेत कमेटी के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। ग्राम प्रधान ने बताया कि रात्रि 10 बजे से ओडिशा के मयूरभंज से पहुंची लिटा गोसा अपेरा की टीम द्वारा संथाली नाटक का मंचन किया जाएगा।











