कोऑपरेटिव बैंक के शिविर में मंईयां सम्मान योजना की 30 लाभुक महिलाओं को मिला 20-20 हजार का ऋण
पांच किसानों को भी मिला केसीसी ऋण
Patamda: झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की पटमदा शाखा में बुधवार को मंईयां सम्मान योजना की 30 लाभुक महिलाओं के बीच स्वरोजगार के लिए ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बैंक की अध्यक्ष विभा सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार बाजपेयी और पूर्व प्रबंध निदेशक जयदेव प्रसाद सिंह शामिल हुए। इस मौके पर मुख्य अतिथि विभा सिंह ने कहा कि जब उन्होंने बैंक के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी, तब बैंक 90 करोड़ रुपये के घाटे में था। बेहतर प्रबंधन और प्रयासों से बैंक अब 33 करोड़ रुपये के मुनाफे में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 20-20 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस राशि से महिलाएं बकरी पालन, सिलाई-कढ़ाई और कृषि जैसे कार्य शुरू कर स्वरोजगार से जुड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लैम्पस को सुदृढ़ बनाने के लिए 4454 लैम्पस को 10-10 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने लैम्पस कर्मियों से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के प्रति जागरूक करने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
इससे पूर्व पटमदा पहुंचने पर मुख्य अतिथि का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभा सिंह ने 30 महिला लाभुकों को 20-20 हजार रुपये के ऋण के चेक का डेमो सौंपा। वहीं, पांच किसानों के बीच केसीसी ऋण का वितरण भी किया गया। मौके पर जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया परमेश्वर सिंह, शाखा प्रबंधक सुनील कुमार राम, महेश महतो, तापस महतो, उत्तम सहिस, प्रदीप कुमार महतो, पूर्ण सिंह, अजय प्रमाणिक समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











