किसानों की मेहनत ने बिखेरे रंग, कृषि मेले में सजी साग-सब्जियों और फल-फूलों की प्रदर्शनी

Patamda : पटमदा प्रखंड परिसर में बुधवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने अपने खेतों में उत्पादित साग-सब्जियों, फल-फूलों और अन्य कृषि उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में किसानों की मेहनत, खेती के प्रति लगन और कृषि के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा की झलक देखने को मिली। मेले में किसानों ने कोहड़ा, ओल, पपीता, मशरूम, लौकी, मिर्च, मूली, गाजर, टमाटर, बैंगन, अमरूद, फूलगोभी, अदरक, नारियल, केला, मड़ुआ और गेंदा फूल समेत कई प्रकार के कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए। इन उत्पादों के माध्यम से किसानों ने अपनी कृषि दक्षता के साथ-साथ क्षेत्र में खेती की विविध संभावनाओं को भी सामने रखा। प्रदर्शनी को देखने पहुंचे लोगों ने किसानों के प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान कृषि विभाग के अलावा पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की ओर से भी किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। वहीं, विश्व रेबीज जागरूकता अभियान, खेत बचाओ अभियान तथा लैम्प्स के माध्यम से सदस्यता वृद्धि अभियान के बारे में भी किसानों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, 20 सूत्री अध्यक्ष कालीपद महतो, ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो, पंचानन दास, अश्विनी महतो, गोपाल गोराई, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ .रागिनी सिंकू, डॉ. अंबुज कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार, बीटीएम सालगे सोरेन, जितेन रुहिदास समेत अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।











