हूल दिवस पर निकाली गई बाइक रैली, विभिन्न राजनीतिक दलों ने शहीदों को किया नमन

झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन सचिव सह पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने मंगलवार को हूल दिवस के मौके पर वीर शहीद सिदो – कान्हू को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, अश्विनी महतो, जामिनी प्रमाणिक, जितुलाल मुर्मू, निर्मल मुर्मू, सागर मांडी समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे। उन्होंने पटमदा बाजार, कांकीडीह महुलतल, कांकू एवं बोड़ाम प्रखंड के मुकरुडीह में आयोजित हूल दिवस कार्यक्रम में शिरकत की।
Patamda : हूल दिवस के अवसर पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की पटमदा प्रखंड इकाई ने पटमदा बाजार, कांकीडीह महुलतल एवं कांकू तक भव्य बाइक रैली निकालकर संथाल हूल के अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शहीदों के संघर्ष व बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। पार्टी के नेता फनी महतो ने कहा कि हूल केवल विद्रोह नहीं, बल्कि अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध झारखंडी अस्मिता एवं अधिकारों की ऐतिहासिक लड़ाई थी। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा और उनके सपनों के अनुरूप न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए संघर्ष जारी रहेगा। रैली का समापन शहीदों को नमन एवं झारखंड की एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनिल बास्के, मृत्युंजय महतो, दयासागर महतो, चंदन महतो, उज्ज्वल कुमार महतो, राजेश कुंभकार, निर्मल महतो, प्रदीप महतो, शिव शंकर महतो, सुजित महतो, साहेब राम महतो, सुकुमार महतो, प्रवीर महतो, सरोज महतो, देवकुमार महतो, अजय कुमार, सागर महतो, लाल मोहन महतो एवं वीरेन प्रमाणिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पटमदा के सालबनी में हूल दिवस पर निकाली गई पदयात्रा

जेबीसी मार्शल माडवा की ओर से पटमदा के सालबनी में सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते सैकड़ों ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि दी। परगना कमलाकांत मुर्मू के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सालबनी से पटमदा एवं बेलटांड़ चौक में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ पदयात्रा निकालते हुए सिदो कान्हू एवं बाबा तिलका माझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, कालीराम सोरेन, भानु हेंब्रम, सिजेन हेंब्रम आदि मौजूद थे।
फुटबॉल प्रतियोगिता में पंकज स्पॉटिंग बनी चैंपियन

बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत के सासांगडीह में हूल दिवस पर वीर शहीद सिदो-कान्हू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जनप्रतिनिधियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। इसी अवसर पर आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में पंकज स्पॉटिंग ने अभि स्पॉटिंग को 1-0 से हराकर खिताब जीता। विजेता टीम को 35 हजार, उपविजेता को 25 हजार तथा सेमीफाइनलिस्ट एसकेबीएमजी हाथियाडीह और मोहन स्पोर्टिंग को 15-15 हजार का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुखिया अजब सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि अंगद सिंह, अभिराम हांसदा, सदानंद सिंह, चंद्रकेतु माझी, सागुन मरांडी, काजल सिंह, शिक्षक मकर सिंह, आदित्य सिंह, संजय मांडी, गणेश सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
झामुमो नेता अजय रजक ने सिदो कान्हू को दी श्रद्धांजलि

हूल दिवस के मौके पर मंगलवार को झामुमो दलित मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सह झारखंड आंदोलनकारी अजय रजक ने समर्थकों के साथ अमर शहीद सिदो कान्हू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जमशेदपुर के भुईयांडीह स्थित प्रतिमा एवं झामुमो संपर्क कार्यालय में सिदो कान्हु के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उन्होंने कहा कि वीर शहीदों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांसें ले रहे हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत कर पाते हैं।
मुकरुडीह में वीर शहीद सिदो-कान्हु की प्रतिमा का अनावरण

हूल दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत मुकरुडीह गांव में वीर शहीद सिदो मुर्मू एवं कान्हु मुर्मू की प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण समाजसेवी कौशल्या मुर्मू ने किया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरक पहलू कौशल्या मुर्मू का संघर्ष और समर्पण रहा। मजदूरी कर आजीविका चलाने वाली कौशल्या मुर्मू ने अपनी मेहनत की कमाई से वीर शहीदों की प्रतिमाओं का निर्माण कराया और अनावरण तक का पूरा खर्च स्वयं वहन किया। उनके इस सराहनीय प्रयास की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय पहल बताया। इस अवसर पर परगना बाबा कमला कांत मुर्मू, मुखिया विनती हांसदा, हरिहर टुडू, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, जिला पार्षद प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, जलन मांडी, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, आनंद हांसदा, दिवाकर टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने वीर शहीद सिदो-कान्हु के बलिदान को नमन करते हुए हूल आंदोलन की गौरवशाली विरासत, आदिवासी अस्मिता तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प को दोहराया।




