वन विभाग की चेतावनी बेअसर: महुआ का फल चुनने गई महिला की हाथी के हमले से मौत
Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेंज अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के अंडा गांव में महुआ का फल (कोचड़ा) चुनने गई एक महिला पर हाथी ने शनिवार की अहले सुबह करीब 5 बजे हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को घर लाने पर उसने दम तोड़ दिया। वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अंडा गांव निवासी तेजू महतो की पत्नी कुंती देवी (59 वर्ष) अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में मौजूद महुआ के पेड़ से गिरने वाला कोचड़ा चुनने गई थी। वहां पहले से मौजूद हाथी के झुंड ने उसे सूंड़ से पटक कर बुरी तरह से घायल कर दिया।
इसकी सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे उठाकर घर ले आया लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। बताते हैं कि गुरुवार को जिस जगह पर एक हाथी की मौत हुई थी उसके आसपास ही एक हाथी विचरण कर रहा था। वन विभाग ने माइक से प्रचार करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए उस क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी थी। इधर वन क्षेत्र पदाधिकारी शशि प्रकाश रंजन ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के पश्चात मृतका के परिजन को मुआवजा के रूप में तत्काल 50 हजार की नकद राशि प्रदान की एवं शेष साढ़े 3 लाख की राशि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद देने का आश्वासन दिया है।