काली पूजा को लेकर बेलटांड़ हाट में लाखों का कारोबार
बकरे, बत्तख एवं मुर्गियों की खूब हुई खरीद -बिक्री
Patamda : काली पूजा के मद्देनजर रविवार को पटमदा के बेलटांड़ साप्ताहिक हाट में बकरों का विशेष बाजार लगा। इसमें बकरों की खरीद-बिक्री के लिए सुबह से ही खरीदारों और व्यापारियों की भारी भीड़ उमड़ी। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा जमशेदपुर समेत दूर-दराज से भी लोग बकरे खरीदने पहुंचे। काली पूजा में मां काली को बकरे व बत्तख एवं गौरया पूजा में मुर्गियों की बलि देने की परंपरा के कारण बाजार में खासा उत्साह और चहल-पहल रही। बाजार में छोटे से लेकर बड़े आकार तक के बकरे बिक्री के लिए लाए गए थे। खरीदार अपनी पसंद और बजट के अनुसार बकरों की कीमत तय करते नजर आए। व्यापारियों के अनुसार इस वर्ष बकरों की मांग अच्छी रही।
अनुमान के मुताबिक, बेलटांड़ हाट में करीब 50 लाख रुपये का कारोबार हुआ। काली पूजा को लेकर लगे इस विशेष बाजार ने स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की। हाट के दौरान प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी जिसके कारण कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।












