पटमदा में गरीबों के लिए आफत बनी बारिश, 4 कच्चे मकान हुए ध्वस्त
Patamda: पिछले कई दिनों से जारी मानसून की बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। पटमदा के लावा गांव के बहड़ाडीह टोला में शुक्रवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। गनीमत है कि घटना के वक्त घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद विधवा बेबी दास का परिवार सड़क पर आ गया है। परिवार में उनके अलावा एक बेटा सुमन दास व एक बेटी है।

सुमन एक मोबाइल दुकान में मजदूरी करता है। वह बताते हैं कि उन लोग मूल रूप से बंगाल के निवासी हैं और पिछले करीब दो दशकों से पटमदा में किराए के मकान में ही रह रहे थे। मिट्टी की दीवार व टीना शेड का यह मकान गांव के ही एक व्यक्ति का है। इस घटना के बाद घर के अंदर रखा पलंग, बर्तन, अनाज और अन्य सभी जरूरी सामान मलबे में दब गए हैं और अभी उनके समक्ष खाने को भी कुछ नहीं है। भारी बारिश के बीच अभी दूसरे के घरों में आश्रय लेने को मजबूर हैं। वहीं बोड़ाम थाना क्षेत्र के भूला गांव में मान सिंह, नेपाल सिंह व सर्वेश्वर कर्मकार के मकान भी शुक्रवार को ढह गए हैं। इस घटना के बाद तीनों परिवार अब बेघर हो गए हैं। पीड़ित परिवार के मुखिया मान सिंह ने बताया कि उनके पास एक ही मिट्टी का घर था जिसमें परिवार के सदस्यों के अलावा बैल, बकरी को भी रखते थे। इसी तरह से नेपाल सिंह व सर्वेश्वर कर्मकार को भी भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है।







