भूला मोड़ में दो बाइको के बीच टक्कर, बंगाल निवासी युवक का टूटा पैर
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत भूला मोड़ के समीप सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दो बाइको के बीच हुई टक्कर में पटमदा से सटे पश्चिम बंगाल के सिरका गांव निवासी 40 वर्षीय विष्णुपद कुंभकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनके एक पैर की हड्डी टूट गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार डूंगरीडीह निवासी युवक सुनील मुर्मू को भी हल्की चोट लगी है।
सूत्रों के अनुसार सिरका निवासी विष्णुपद बाइक से अकेले ही बेलडीह स्थित ससुराल जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार डूंगरीडीह निवासी युवक हेडफोन पर बात करते हुए तेज गति से विपरीत दिशा से आ रहा था। इस दौरान सुनील मुर्मू की अनियंत्रित बाइक ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक सड़क पर ही गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवकों को एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। सिरका निवासी युवक को परिजनों ने बेहतर इलाज हेतु एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।





