पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला को यूजीसी से मिलेगा 5 करोड़ तक का अनुदान, मंत्री से मिला आश्वासन

Patamda: जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी सह पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के अध्यक्ष मंगल कालिंदी की अगुवाई में मंगलवार को कॉलेज का एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के सर्वांगीण विकास सह कॉलेज के सरकारी अनुदान जल्द से जल्द उपलब्ध कराने, कॉलेज की आधारभुत संरचना के विकास हेतु मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि उच्च शिक्षा अभियान के तहत स्थाई संबद्ध तथा नैक से बी ग्रेड प्राप्त कॉलेज को 5 करोड़ तक की राशि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से उपलब्ध करने का प्रावधान है। इस संबंध में विश्वजीत महतो ने बताया कि विधायक ने कॉलेज के प्रतिनिधिमंडल मे शामिल सचिव चंद्रशेखर टुडू, प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, उप प्राचार्य विश्वनाथ महतो, टेक्निकल सेल के विश्वजीत महतो को लेकर रांची विधानसभा में सत्र के दौरान प्रथम अंतराल के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के विधानसभा भवन स्थित कार्यालय में भेंट कराया। मंत्री की ओर से शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। इस कार्य के लिए कॉलेज परिवार ने मंत्री एवं विधायक का आभार जताया है।





