बामनी में बस की चपेट में आने से महिला समेत तीन घायल, दो युवकों के पैर टूटे, एमजीएम अस्पताल में भर्ती

Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर रविवार को शाम करीब 5 बजे बामनी में एक बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पटमदा पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय झामुमो नेता हरिहर सिंह ने बताया कि बोड़ाम थाना क्षेत्र के पुनसा गांव निवासी रथु सिंह अपने साढ़ू श्रावण सिंह व साली मोहिता सिंह को बारूडीह गांव से अपनी बाइक पर बिठाकर पटमदा की ओर जा रहे थे। मोहिता की ससुराल पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीह गांव में है जबकि मायका पटमदा के बारूडीह गांव में। मनसा पूजा के मौके पर मोहिता अपने पति के साथ मायके आई थी और रविवार को अपने जीजा की बाइक से पटमदा जाने के क्रम में पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बस की चपेट में आ गई। बामनी मोड़ के पास हुई दुर्घटना के बाद तीनों लहुलूहान होकर गिर गए जबकि बस के चालक बस को लेकर फरार हो गए। इस घटना में रथू सिंह एवं श्रावण सिंह के एक – एक पैर की हड्डी टूट गई है एवं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट है। जबकि महिला को हल्की चोट है। तीनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है और घटना में शामिल बस का पता लगाया जा रहा है।






