भाजपा अपने मित्रों को देना चाहती खनिज संपदा, हम दीवार बनकर कर रहे हैं इसकी सुरक्षा : हेमंत सोरेन

कुइलीसुता में मुख्यमंत्री ने चुनावी सभा को किया संबोधित, उमड़ी भीड़

Musabani: मुसाबनी के कुइलीसुता मार्शल मैदान में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए घाटशिला उपचुनाव में सोमेश सोरेन को तीर धनुष निशान पर वोट देने की अपील की। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सालभर के अंदर ये चुनाव हो रहा है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कुछ दिन बाद उनके पदचिन्हों पर चलने वाले झामुमो के एक स्तंभ रामदास सोरेन भी छोड़कर चले गए। उनके जाने के बाद उनके खून सोमेश सोरेन को झामुमो ने प्रत्याशी बनाया है। सीएम ने कहा कि हम सभी झामुमो के निशान तीर धनुष के छत्रछाया में गुरुजी के आदर्शों पर चलते हैं। तीर धनुष हमारे लिए देवता समान है। जिनके मन में खोट आ जाता है वो इस छत्रछाया में नहीं रह पाते छोड़कर चले जाते हैं। आज वैसे ही लोग दिल्ली में बैठे बड़े व्यापारियों के पास चले गए हैं। उनका मकसद झारखंड की खनिज संपदा को लूटने पर है। झामुमो उनकी मंशा के आगे दीवार बनकर खड़ा है। जब तक झामुमो की सरकार है झारखंड को लूटने नही देंगे।
सीएम ने कहा भाजपा ने नियम बनाकर पूरे देश में अपने मित्रों को फायदा पहुंचाना चाहती है। छत्तीसगढ़ में मोदी के मित्र को एक हरे भरे क्षेत्र को फैक्ट्री बनाने के लिए दे दिया जहां लोग बसते थे। लाखों पेड़ों को काट दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 15-16 वर्षों में झारखंड की हालत खराब हो गई थी। लोग भूखमरी से जान गवां रहे थे। अपने 6 वर्ष के शासन में किसी भी व्यक्ति की मौत भूखमरी के कारण नहीं हुई। उन्होंने कहा मंईयां सम्मान योजना से 50 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में 2500 प्रतिमाह की राशि भेज रहे हैं। इस योजना से वंचित महिलाओं को जोड़ने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा। उनके शासन काल में लाखों का बिजली बिल बकाया था। एक आदेश पर सभी लोगों का बिजली बिल माफ कर दिया गया। साथ ही कहा कि ऐसा कानून बनाया जाएगा कि पदाधिकारी घर में जाकर लोगों के काम करेंगे। सीएम ने कहा आदिवासी, मूलवासी, दलित और पिछड़े समाज के लोगों के हितों और भाजपा के बड़े व्यापारियों के बीच में लड़ाई है। आदिवासी और कमजोर तबके के हित को कुचलने का मकसद भाजपा का है। सीएम हेमंत सोरेन ने वोट के माध्यम से इसका जवाब देने का आह्वान किया। कहा कि दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के प्रयास से मुसाबनी खान समूह की कई खदानों की लीज प्रक्रिया पूरी हुई है। वे लगातार ताम्र खदानों को चालू कराने का प्रयास करते थे। माइंस खुलने से क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
चुनावी सभा में प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन, रास सांसद महुआ माजी, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, पोटका विधायक संजीव सरदार, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जामा विधायक लुईस मरांडी, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू समेत गठबंधन के नेता उपस्थित थे।





