भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर पटमदा व बोड़ाम में श्रद्धांजलि
Patamda : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान झामुमो, भाजपा एवं जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
झामुमो की ओर से पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो के नेतृत्व में बेलटांड़ एवं बांगुड़दा स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, सुभाष कर्मकार, सुजीत महतो, संजय सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो के नेतृत्व में डिमुडीह मोड़ एवं बोड़ाम बाजार स्थित प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर माणिक चंद्र महतो, विनय मंडल, रामू कुंभकार, श्यामापद रजक, नीलकंठ सिंह, भुवन महतो समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इधर, जेएलकेएम की पटमदा प्रखंड कमेटी ने भी बांगुड़दा और बेलटांड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मौके पर जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो, फणी महतो, प्रखंड अध्यक्ष अनिल बास्के, मृत्युंजय महतो, कृष्ण सहिस, साहेब राम महतो व राजेश कुंभकार आदि मौजूद थे। भाजपा के कमलपुर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष सनातन दास एवं पटमदा मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।



