महाप्रभु की बाहुड़ा रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, भाई-बहन संग मौसीबाड़ी से लौटे जगन्नाथ
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित मौसीबाड़ी से शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा (घूरती) रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसीबाड़ी से अपने धाम के लिए रवाना हुए। दगड़ीगोड़ा स्थित श्री श्री हरि साधना आश्रम परिसर में बने महाप्रभु धाम पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोष के बीच भक्ति में सराबोर होकर शामिल हुए। जैसे ही रथ मौसीबाड़ी से आगे बढ़ा, पूरा क्षेत्र जयघोष से गुंजायमान हो उठा। काटिन बाजार पहुंचने पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भगवान का रथ खींचते नजर आए। रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार, अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय सहित पुलिस बल पूरे यात्रा मार्ग में तैनात रहा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद मिश्रा, बासुदेव मिश्रा, मृत्युंजय महतो, प्रदीप कुमार महतो, संदीप कुमार मिश्रा, शंभू दास, प्रेमचंद महतो, इंद्रजीत मिश्रा, श्रीमंत मिश्रा, अनंत लाल मिश्रा, आनंदमय महतो, शंभू महतो, कृपासिंधु महतो, विश्वजीत कुंभकार, अरविंद मिश्रा, निर्मल कुमार महतो, देबू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दिया।


