बोड़ाम का ‘साधु’ उगाता था गांजा, शहर में होती थी सप्लाई, 7.8 किलो मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र से गांजा की सप्लाई करने वाले कथित साधु समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से करीब 7.8 किलोग्राम गांजा, गांजा से भरी सिगरेट, गांजा के बीज, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा स्थित काली मंदिर के समीप एक गुमटी में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रौशन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन तथा बिक्री के 3,060 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में रौशन कुमार ने बताया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो-तीन बार गांजा खरीदकर शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने शंभू महतो के घर पर छापेमारी कर 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज और 5,840 रुपये नकद बरामद किए। ग्रामीण एसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि रौशन कुमार वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि गांजा की खेती और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।



