पटमदा में ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट को लेकर जागरूकता अभियान
ग्रामीणों को ऑनलाइन पुलिस सहायता और विभिन्न सेवाओं की दी गई जानकारी
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर सोमवार को पटमदा थाना क्षेत्र में ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट के प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर आम लोगों को ऑनलाइन पुलिस सहायता की सुविधाओं की जानकारी दी।
पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट के माध्यम से साइबर अपराध की शिकायत, खोए हुए मोबाइल फोन की सूचना, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, चरित्र सत्यापन, यातायात संबंधी समस्याओं और छेड़खानी की रिपोर्ट समेत विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक आसान और सुविधाजनक ऑनलाइन पहुंच उपलब्ध कराना है। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से जरूरत के अनुसार ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट का उपयोग करने तथा इसकी जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की।




