एसएस प्लस टू में जल्द होगी संथाली शिक्षक की प्रतिनियुक्ति, माझी परगना महाल को डीईओ का आश्वासन
Patamda: एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में संथाली भाषा के शिक्षक की प्रतिनियुक्ति की मांग को लेकर माझी परगना महाल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम को आवेदन सौंपा है। आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक करीब 206 आदिवासी छात्र-छात्राएं संथाली भाषा की पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन विषय के एक भी शिक्षक पदस्थापित नहीं हैं। माझी परगना महाल ने कहा कि संथाली भाषा आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल है। साथ ही, नई शिक्षा नीति-2020 में भी मातृभाषा में शिक्षा को महत्व दिया गया है। ऐसे में वर्ष 2027 की परीक्षा नजदीक होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
महाल ने मध्य विद्यालय, भालुकबिंदा में कार्यरत स्नातक प्रशिक्षित (कला) शिक्षक सुधीर चंद्र मुर्मू को संथाली भाषा का योग्य शिक्षक बताते हुए उन्हें एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में प्रतिनियुक्त करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में बारहा दिशोम देश परगना कमलाकांत मुर्मू, दिवाकर टुडू एवं शंभुनाथ सोरेन आदि शामिल थे। इस संबंध में कमलाकांत मुर्मू ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी ने 15 नवंबर के पूर्व तक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने का आश्वासन दिया है।












