दीपावली पर चाइनीज लाइट से परहेज करने एवं मिट्टी के दीये खरीदकर कुम्हारों का रोजगार बढ़ाने की अपील
Patamda: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। इस बीच गोलकाटा निवासी राजेश कुंभकार ने लोगों से चाइनीज लाइट के बजाय स्थानीय कुम्हारों के हाथों से बने मिट्टी के दीये खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल भारतीय संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि कुम्हार परिवारों के पुश्तैनी रोजगार को भी संबल मिलेगा। इसी उद्देश्य से राजेश कुंभकार गोपालपुर गांव पहुंचे और वहां आगनू कुंभकार, प्रमथ कुंभकार, दुर्गाचरण कुंभकार एवं श्रवण कुंभकार से मुलाकात कर उनके पारंपरिक व्यवसाय की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान शंकर कुंभकार और सुभजीत कुंभकार भी मौजूद थे।
मुलाकात के दौरान आगनू कुंभकार ने सरकार से कुम्हार समुदाय को इलेक्ट्रिक चाक उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आधुनिक चाक मिलने से मिट्टी के बर्तन और दीये बनाने में आसानी होगी तथा उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी।
राजेश कुंभकार ने कहा कि मिट्टी के बर्तनों की मांग में कमी के कारण कई कुम्हार परिवार अपना पुश्तैनी व्यवसाय छोड़ने को मजबूर हैं। इस पारंपरिक कला और रोजगार को बचाने के लिए सरकार को कारीगरों के लिए आर्थिक सहायता, आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण और बाजार की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।












