पटमदा में अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, हजारों का नुकसान, मुआवजे की मांग
Patamda: पटमदा के बिड़रा गांव में गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक अनियंत्रित एलपी ट्रक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का एक हिस्सा और ट्रक का अगला भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, ट्रक की रफ्तार कम होने के कारण चालक समेत सड़क पर चल रहे राहगीर बाल-बाल बच गए। इस संबंध में उप मुखिया गोपाल गोराई ने बताया कि दुर्गापुर से स्पेयर पार्ट्स लेकर आ रहा एलपी ट्रक (संख्या डब्ल्यूबी 78/6049) अचानक स्टेयरिंग फ्री हो जाने के कारण अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक बिड़रा गांव में नीलकमल महतो के मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा और चालक की ओर का दरवाजा बुरी तरह दब गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए काफी सावधानी से ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर पटमदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर ट्रक को जब्त कर लिया।












