पटमदा डिग्री कॉलेज के विकास और नामांकन बढ़ाने पर हुई चर्चा, जमीन हस्तांतरण का मुद्दा भी उठा
Jamshedpur :पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जमशेदपुर परिसदन में शासी निकाय की बैठक हुई। विधायक सह शासी निकाय के अध्यक्ष मंगल कालिंदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कॉलेज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सत्र 2026-30 के नामांकन की विषयवार समीक्षा की गई। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सह एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने नियमित कक्षाओं के संचालन और नामांकन बढ़ाने के लिए संबंधित विषयों के शिक्षकों को विशेष प्रयास करने का सुझाव दिया। वहीं, सत्र 2024-25 के सरकारी अनुदान की स्थिति पर चर्चा करते हुए कॉलेज के प्राचार्य को विश्वविद्यालय में लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बामनी स्थित सरकारी जमीन को स्थायी रूप से कॉलेज के नाम हस्तांतरित करने का मामला भी उठा। बताया गया कि जमीन की सलामी राशि वर्ष 2017 में ही जमशेदपुर जिला कोषागार में जमा कर दी गई है। इस पर विधायक मंगल कालिंदी ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री और भू-राजस्व विभाग के मंत्री से मिलकर मामले का जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के मानदेय, चिकित्सा अवकाश और अन्य छुट्टियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ने कॉलेज की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानदेय के संबंध में निर्णय लेने की बात कही। वहीं, लंबे समय तक चिकित्सा अवकाश पर रहने के बाद दोबारा योगदान देने वाले कर्मचारियों के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य करने का सुझाव दिया गया। इस मौके पर शासी निकाय के सचिव सह विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. नरेश कुमार, दानदाता सह संस्थापक सदस्य डॉ. विद्याभूषण महतो, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. गौतम गोराई और कॉलेज के प्राचार्य कृष्णपद महतो उपस्थित थे।












