समाजसेवी विश्वनाथ महतो की पहल पर अधीक्षण अभियंता ने पटमदा के गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने का दिया निर्देश
Patamda: पटमदा प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते बिजली उपभोक्ताओं और ट्रांसफॉर्मरों पर बढ़ते भार से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पहल की है। उन्होंने जेबीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार को ज्ञापन सौंपकर माचा, पटमदा बाजार, दिघी एवं जोड़सा फीडर से जुड़े गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नए आवासों के निर्माण और उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने से मौजूदा ट्रांसफॉर्मरों पर क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है। इससे लो-वोल्टेज, अनियमित बिजली आपूर्ति और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसका असर स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर भी पड़ रहा है। मामले में अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि जरूरत के अनुसार चिह्नित स्थानों पर जल्द अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे संबंधित गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।












