धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, मानगो पुल पर लगा भीषण जाम
Jamshedpur : धनतेरस के मौके पर शुक्रवार को शहर से लेकर गांवों के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मानगो, साकची व जुगसलाई समेत शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी थी। शाम होते-होते बाजारों में भीड़ और सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया। इसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
सबसे खराब स्थिति शाम के समय मानगो पुल पर देखने को मिली। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाइक, कार और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे। स्थिति ऐसी थी कि लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा था। जाम के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और खरीदारी के लिए निकले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धनतेरस पर हर साल बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से विशेष तैयारी की जरूरत थी। इसके बावजूद मानगो पुल पर वाहनों का दबाव संभालने में व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। शाम के समय जाम ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।












