सूर्या इलेवन लावजोड़ा बना चैंपियन, विधायक मंगल कालिंदी ने किया सम्मानित
फाइनल में अदिति एक्सप्रेस गौरडीह को 14 रन से दी शिकस्त
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के दिघी भूला स्कूल मैदान में पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग सीजन-2 का पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। फाइनल में सूर्या इलेवन लावजोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अदिति एक्सप्रेस गौरडीह को 14 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्या इलेवन लावजोड़ा ने मंटू गोप की तूफानी पारी की बदौलत निर्धारित छह ओवर में सात विकेट खोकर 71 रन बनाए। मंटू गोप ने महज 15 गेंदों पर 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
अदिति एक्सप्रेस की ओर से सौमिक मंडल ने तीन विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी अदिति एक्सप्रेस की टीम छह ओवर में छह विकेट खोकर 57 रन ही बना सकी। इस तरह सूर्या इलेवन ने 14 रन से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने विजेता टीम को 45 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता अदिति एक्सप्रेस गोरडीह को मिथुन सिंह ने 35 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की। पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ए स्क्वायर बी रॉयल इलेवन के कप्तान अरविंद सिंह को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्हें एक बैट, एक हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मंटू गोप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके अलावा दलगोबिंद सिंह को बेस्ट बैट्समैन, अमित महतो को बेस्ट बॉलर, सुनील महतो को बेस्ट फील्डर और आस्तिक महतो को इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार दिया गया।मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, थाना प्रभारी नीरज कुमार, विधायक प्रतिनिधि काजल सिंह, झामुमो बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, श्यामसुंदर सिंह, पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य धीरेन राय, निश्चय फाउंडेशन के तरुण कुमार, निताई गोराई, करमू महतो, रजनीकांत सिंह, खिरोद महतो, ध्रुव गोप, बृंदावन महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मिक्स जेंडर क्रिकेट में दिघी भूला की टीम बनी विजेता
मुख्य फाइनल मुकाबले से पहले मिक्स जेंडर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय पटमदा और उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय दिघी भूला के विद्यार्थियों के बीच खेला गया। इसमें दिघी भूला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटमदा की टीम को नौ विकेट से हराकर खिताब जीत लिया। इस मुकाबले में रिकदेव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें एक हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।












