बनकुंचिया मोड़ पर गुमटी के पीछे कमरे से 286 बोतल अवैध शराब बरामद, दुकानदार गिरफ्तार, पिता से हो रही पूछताछ
Jamshedpur: कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया मोड़ पर पुलिस ने मंगलवार शाम छापेमारी कर एक गुमटी के पीछे बने कमरे से 286 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 62.985 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुमटी में अवैध शराब की खरीद-बिक्री और लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की गुप्त सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे छापेमारी की। तलाशी के दौरान 10 पेटियों में विभिन्न ब्रांड की शराब मिली।
आरोपी गणेश महतो शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली। मौके से शराब पीने में इस्तेमाल की गई बोतलें और छह डिस्पोजेबल गिलास भी बरामद हुए। इस संबंध में कमलपुर थाना कांड संख्या 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/292 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) में मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में कमलपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी पुरुषोत्तम राय एवं अन्य अधिकारी व जवान शामिल थे। सूत्रों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से यह अवैध धंधा बनकुंचिया मोड़ पर चल रहा था और इससे पूर्व जुलाई महीने में आबकारी विभाग ने गणेश के पिता दुबराज महतो को गिरफ्तार किया था जो जुर्माना देकर छूट गया था। वापस लौटने के बाद फिर से धंधे को व्यापक रूप से करने लगा था जिसकी गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की है। बताते हैं कि पिछले करीब 2 साल पूर्व भी पुलिस ने छापेमारी की थी लेकिन कोई विशेष कार्रवाई नहीं हुई थी। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी गणेश महतो पहले अपने पिता से अलग रहता था और उसके पिता अकेले ही यह धंधा करते थे। बताते हैं कि गणेश महतो द्वारा प्रेम विवाह किए जाने की वजह से नाराज थे। पिछले कई महीनों पूर्व पत्नी को छोड़कर वह पिता के साथ रहने लगा और अवैध शराब के धंधे को संभालने लगा। सूचना के अनुसार बुधवार को पुलिस द्वारा आरोपी गणेश के पिता को पुलिस द्वारा उठाया गया है और पूछताछ की जा रही है।












