सबर बस्ती में भी जले खुशियों के दीप, परिवारों के बीच बांटी गई दिवाली की मिठास
Patamda: दीपावली की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की पहल के तहत सोमवार को बोड़ाम प्रखंड की बेलडीह पंचायत अंतर्गत बेलडीह टोला पाकोटोड़ा स्थित सबर बस्ती में आदिम जनजाति परिवारों के साथ दीपावली मनाई गई। इस दौरान बस्ती के प्रत्येक परिवार को पटाखे, मोमबत्तियां, नाश्ता और मिठाइयां वितरित की गईं। त्योहार पर उपहार पाकर परिवारों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
इस पहल का नेतृत्व कर रहे पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने कहा कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के साथ उनमें अपनापन और भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि त्योहार की सार्थकता तभी है, जब इसकी खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और कोई भी परिवार इससे वंचित न रहे। आयोजन के लिए सभी सामग्रियों की व्यवस्था प्रबोध कुमार महतो के सहयोगियों ने निजी स्तर पर की। इसमें राजेश दास, मकर सिंह, विशाल वर्मा, सोमनाथ दत्ता, शांतनु दास, संजीव दत्ता, हेमंत महतो, अजय दत्ता, सुरजीत दत्ता, दिलीप शर्मा और गौतम रजक ने सहयोग किया। जनसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना से की गई इस पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना की गई।












