भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता झामुमो में हुए शामिल, विधायक संजीव सरदार ने किया स्वागत

Potka:पोटका विधानसभा क्षेत्र में रविवार को झामुमो ने भाजपा को तगड़ा झटका दिया। तीन पंचायतों से हजारों भाजपा समर्थक झामुमो में शामिल हो गये। विधायक संजीव सरदार ने सभी का स्वागत पार्टी का पट्टा पहनाकर किया। झामुमो की सदस्यता ग्रहण करने महिलाएं आगे रहीं। माना जा रहा है कि महिलाएं मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से काफी खुश हैं। जिसके कारण महिलाओं का झुकाव झामुमो की तरफ हो रहा है। कुलडीहा पंचायत के गोपालपुर, चांदपुर पंचायत के शिव मंदिर प्रांगण और टांगराइन पंचायत के कैरासाई में झामुमो सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झामुमो पार्टी एक परिवार है। जिसमें सभी सदस्यों का मान – सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा झारखंड बनने के बाद सबसे अधिक समय तक भाजपा ने शासन किया। इस दौरान झारखंड के गरीब वंचित लोगों का विकास नहीं हो पाया। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद किसान, मजदूर, विद्यार्थी और महिलाओं के लिए लाभकारी योजनाओं को लागू किया गया। किसानों के केसीसी लोन और बकाया बिजली बिल को माफ किया गया। पहले की किसी सरकार ने महिलाओं का सम्मान नहीं दिया। हेमंत सोरेन की सरकार ने महिला सम्मान योजना लेकर आई। प्रति माह एक हजार सम्मान राशि दिया जा रहा है, दिसंबर से 2500 की राशि दिया जायेगा। विधायक ने कहा भाजपा सरकार आने पर कई कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर सकती है। झारखंड सरकार के कार्यकाल पूरा होने से पहले ही भाजपा झारखंड मे चुनाव करवा रही है।
विधायक संजीव सरदार ने कहा उनके कार्यकाल में पोटका में डिग्री कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्वीकृति मिली. सभी महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और मरम्मती कार्य स्वीकृत हो चुकी है। विधायक ने कहा हर समय जनता के लिए उपलब्ध रहे। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भुवनेश्वर सरदार, झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, बबलू चौधरी, रजनी षड़ंगी, मुखिया असित सरदार, पूर्व मुखिया सुबोध सरदार, महिला नेत्री हिरामुनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, सुब्रत प्रधान समेत झामुमो कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे।






























