बोड़ाम में मलेरिया से चार वर्षीय सबर बच्चे की मौत!, एक दर्जन से अधिक बीमार
Patamda: पटमदा सीएचसी अंतर्गत बोड़ाम प्रखंड के कोयरा गांव स्थित बाधाडीह सबर टोला में पिछले कई दिनों से मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात सुरेंद्र सबर के चार वर्षीय पुत्र संजीव सबर की बुखार से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह कई दिनों से मलेरिया से पीड़ित था और निजी चिकित्सक से उसका इलाज चल रहा था। वह चार भाइयों में तीसरा था और उसके अन्य भाइयों को भी बुखार है। टोला में दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग मलेरिया से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे पटमदा सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने एंबुलेंस भेजकर दो गंभीर बच्चों को एमजीएम अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। सुरेंद्र सबर ने बताया कि गांव में शनिवार को एमपीडब्ल्यू आए थे और जांच करने के पश्चात अन्य मरीजों को दवाएं देकर गए हैं। कोयरा गांव निवासी रामकृष्ण महतो ने बताया कि पिछले एक वर्ष में मलेरिया से सात सबर बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद समय पर सरकारी चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के गरीब सबर परिवार में इतने सक्षम नहीं है कि अपने से अस्पताल पहुंच सके या बेहतर इलाज करवा सके।











