स्काउट-गाइड शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने सीखे सेवा और आत्मनिर्भरता के गुर
Patamda : एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में आयोजित स्काउट-गाइड प्रथम सोपान शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। विद्यालय में सीखे गए यही संस्कार भविष्य में उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण दायित्वों का जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेंगे। राष्ट्र निर्माण की भावना की शुरुआत विद्यालय स्तर से ही होती है।
शिविर का शुभारंभ झंडोत्तोलन एवं स्काउट-गाइड गीत के साथ हुआ। जिला संगठन आयुक्त सह प्रशिक्षक नरेश कुमार ने दूसरे दिन विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने स्काउटिंग में प्रयोग होने वाली लैशिंग एवं विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने, स्ट्रेचर निर्माण एवं स्ट्रेचर अभ्यास, तंबू निर्माण तथा शिविर संचालन से जुड़ी गतिविधियां सीखीं। इसके अलावा प्राथमिक उपचार के तहत सिर, हाथ-पैर, जबड़े और छाती पर पट्टी बांधने की विधि का भी प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लेते हुए व्यावहारिक जानकारी हासिल की।




