पटमदा के मजदूर से भुइयांडीह में मारपीट व लूट, एक गिरफ्तार
सोमवार को भुइयांडीह में जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो के साथ पीड़ित युवक अजय महतो।
Patamda: पटमदा प्रखंड के बांगुड़दा गांव निवासी युवक अजय महतो से सोमवार की अहले सुबह जमशेदपुर के भुइयांडीह बस स्टैंड के पास आधे दर्जन बदमाशों ने मारपीट करते हुए 3 हजार की नगद राशि एवं अन्य सामान लूट ली। पटमदा के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो की पहल पर पुलिस ने तत्काल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी 5 लोग फरार हैं। इस घटना में अजय महतो को अंदरुनी चोटें भी आई हैं।
पीड़ित अजय महतो ओड़िशा में मजदूरी करता था और घर लौटने के लिए बस से भुइयांडीह बस स्टैंड पर उतरा था। उसके पास मजदूरी के रूप में मिली नगद राशि के अलावा जरूरी सामान उसके बैग में रखा था। वह भुइयांडीह बस स्टैंड से कुछ दूर सुबह करीब 4:30 बजे स्वर्णरेखा नदी के पास शौच करने उतरा तो आधे दर्जन बदमाशों ने हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए उसका बैग व मोबाइल फोन की छिनतई कर ली। मारपीट कर घायल करने के बाद उसके शरीर से कपड़े भी खुलवा लिए थे। इस बीच किसी तरह से मौका पाकर पीड़ित अजय ने अंधेरे का फायदा उठाया और जमीन पर गिरा अपना मोबाइल फोन हासिल कर लिया।
घटना के बाद इसकी जानकारी पटमदा के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो को देने पर उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोलिंग रूम को सूचना दी। करीब एक घंटा के अंदर टाइगर मोबाइल के जवान तथा जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान बस्ती वासियों की मदद से छायानगर निवासी एक लड़का को पुलिस ने पकड़ लिया और उसे सीतारामडेरा थाना ले गई। पुलिस ने उसका बैग बरामद किया है जबकि उसमें रखी गई नगद राशि अब तक नहीं मिल पाई है। अजय ने बताया कि वह ओड़िशा में एक माह तक मजदूरी करने के पश्चात कुछ जरूरी काम पड़ने की वजह से अपने घर लौट रहा था, इसी बीच रास्ते में उसके साथ यह घटना घटी। घर लौटने के बाद पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल में उसने इलाज करवाया। इस संबंध में एक लिखित शिकायत सीतारामडेरा थाना में की गई है।