लगातार बारिश से कुईयानी में मिट्टी का मकान ढहा, मां बेटी समेत तीन घायल, गंभीर हालत में महिला टीएमएच में भर्ती
घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुईयानी गांव के ऊपर टोला में गुरुवार अहले सुबह देव सिंह का कच्चा मकान ढह गया। इससे उनके घर पर सो रही पत्नी सरला सिंह (42 वर्ष), बड़ी बेटी भगवती सिंह (9 वर्ष) व छोटी बेटी प्रिया सिंह (7 वर्ष) मलबे में दबकर बुरी तरह से घायल हो गईं। घटना के बाद मची चीख पुकार के बाद आसपास के घरों से लोग वहां पहुंचे और मदद की। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया।
मौके पर पहुंचे झामुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक मंगल कालिंदी से बात कर सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल सरला सिंह को विधायक के कहने पर टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। जबकि दोनों बेटियों का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। लगातार तीन दिनों की बारिश के दौरान मिट्टी की दीवार में पानी रिसने से धीरे-धीरे दीवार कमजोर हो गई और अचानक भरभरा कर गिर गई। घटना की सूचना पाकर कुईयानी गांव पहुंचे सीओ रंजीत कुमार रंजन, कर्मचारी विजय पोद्दार व पंचायत प्रतिनिधियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
सीओ ने आपदा प्रबंधन विभाग से क्षतिपूर्ति देने एवं देव सिंह के परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। जबकि बीडीओ किकू महतो ने अबुआ आवास आवंटित करने का आश्वासन दिया। विधायक मंगल कालिंदी ने सरला सिंह व उनकी दोनों बेटियों का बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया है। पीड़ित देव सिंह ने बताया कि उसके पास एक मात्र मिट्टी का मकान था, जिसमें किसी तरह परिवार के सभी सदस्य रहते थे और वह भी बारिश में ढह गया। अब उन्हें इस बात की चिंता सताने लगी है कि है वह परिवार के साथ कहां रहेगा। उन्होंने बताया कि उनका मकान धंसने से उन्हें काफी नुकसान हुआ है, उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की भगवान से प्रार्थना की है।





